उत्तराखंड के गंगोत्री धाम में गैर हिंदुओं की एंट्री बैन, केदारनाथ-बदरीनाथ में भी रोक लगाने की तैयारी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री धाम में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया गया है। यह निर्णय रविवार (25 जनवरी 2026) को आयोजित श्री गंगोत्री मंदिर समिति की बैठक में लिया गया।

समिति के चेयरमैन सुरेश सेमवाल ने बताया कि यह प्रतिबंध सिर्फ गंगोत्री धाम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि माँ गंगा के शीतकालीन निवास मुखबा में भी लागू होगा। फैसले के अनुसार, इन दोनों पवित्र स्थलों में गैर-हिंदुओं का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।

इसी बीच, श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने संकेत दिए हैं कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम समेत समिति के अधीन आने वाले सभी मंदिरों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि केदारनाथ में यह प्रतिबंध पूरी घाटी तक विस्तारित किया जा सकता है, जहाँ से यात्रा शुरू होती है, जबकि बदरीनाथ में अधिसूचित क्षेत्र की सीमा बढ़ाने पर भी विचार हो रहा है।

हरिद्वार में गंगा घाटों पर प्रतिबंध के बाद पूरे कुंभ क्षेत्र में भी गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक की माँग तेज हो गई है। धार्मिक संस्थाओं का कहना है कि आगामी अर्धकुंभ को देखते हुए तीर्थ स्थलों की पवित्रता और धार्मिक स्वरूप बनाए रखने के लिए नीतिगत फैसले जरूरी हैं। BKTC सरकार को इस संबंध में अपनी मंशा से अवगत कराएगी, वहीं शासन स्तर पर भी इस मुद्दे पर मंथन जारी है।