महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के प्लेन क्रैश में निधन पर हर कोई शोक व्यक्त कर रहा है। बुधवार (28 जनवरी 2026) सुबह को बारामती में हुए इस विमान हादसे में अजित पवार समेत विमान में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से लेकर महाराष्ट्र के दूसरे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इस विमान हादसे की जाँच की माँग की है।
महाराष्ट्र के दूसरे डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने बारामती विमान हादसे पर जाँच की माँग करते हुए कहा कि इस हादसे की जाँच जरूरी है। इसके साथ अजित पवार के निधन पर भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि आज महाराष्ट्र के लिए काला दिन है। एकनाथ शिंदे ने कहा, “अजित दादा अपने वचन के पक्के थे। वे बाहर से सख्त और कठोर दिखते थे, लेकिन दिल से वे एक कोमल और दयालु व्यक्ति थे एक नेक इंसान। विमान दुर्घटना की जाँच की जाएगी।”
उधर, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “यहाँ नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। मुझे नहीं पता क्या दिक्कत है। मुझे पता चला था कि वो बीजेपी की सरकार का नेतृत्व करने वाले हैं और आज अचानक उनका निधन हो गया। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सही जाँच होनी चाहिए। क्या यह बेवजह डर फैलाना है या कोई साजिश।”
गौरतलब है कि बुधवार (28 जनवरी 2026) की सुबह बारामती पहुँचते ही अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन चट्टान से टकराकर नीचे गिर गया। उस विमान हादसे में पायलट समेत सभी 5 लोगों की मौत हो गई।

