‘मैं तेरी बहन को मार रहा हूँ’: 4 माह प्रेग्नेंट थी दिल्ली पुलिस की SWAT कमांडो, जिसे दहेज के लालच में पति ने डंबल से सिर फोड़कर मारा

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की SWAT यूनिट में तैनात 27 साल की कमांडो काजल चौधरी की उनके पति अंकुर ने दहेज के लालच में डंबल से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वे चार महीने की गर्भवती थीं। पुलिस ने आरोपित पति अंकुर को तुरंत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। ।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना 22 जनवरी 2026 रात काजल के ससुराल स्थित दिल्ली के मोहन गार्डन की है। दोनों पति-पत्नी के बीच दहेज को लेकर विवाद हुआ। पति अंकुर ने मारपीट शुरू कर दी। इससे पहले पति ने काजल के भाई को कॉल किया कि वह उसकी बहन को मार रहा है।

फिर अंकुर ने डम्बल उठाया और काजल के सिर पर दे मारा। काजय गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहाँ 5 दिन तक चले इलाज के बाद 27 जनवरी 2026 को काजल की मौत हो गई।

आरोपित पति ने फोन पर कहा- ‘मैं तेरी बहन को मार रहा हूँ’

वहीं, दिल्ली पुलिस में कॉन्सटेबल काजल के भाई निखिल ने बताया कि 22 जनवरी 2026 की रात उन्हें फोन आया। पहले कॉल पर अंकुर ने कहा कि काजल से बात कर लो और कहा यह कॉल रिकॉर्ड कर लो, पुलिस को सबूत देने में आसानी होगी। उसी दौरान काजल की चीखें सुनाई दीं।

निखिल ने बताया कि बातचीत के बीच में ही अंकुर ने फोन छीन लिया और कहा, “मैं तेरी बहन को मार रहा हूँ, पुलिस कुछ नहीं कर पाएगी।” कुछ मिनट बाद अंकुर ने फिर फोन किया और कहा, “ये मर गई है, अस्पताल आ जाओ।”

निखिल तुरंत अस्पताल पहुँचा, देखा कि काजल की हालत बहुत गंभीर थी। काजल को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिर गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहाँ 27 जनवरी 2026 को उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिवार ने दहेज प्रताड़ना के लगाए आरोप

मृतका काजल के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की माँग के चलते प्रताड़ित किया जा रहा था। शादी में बुलेट बाइक, सोना और नगद दिया था, लेकिन सुसरालियों की माँगे बढ़ती गई और कार तक पहुँच गई। परिवार ने आरोप लगाया कि काजल को अक्सर घर के काम करने के लिए मजबूर किया जाता था, यहाँ तक कि प्रेग्नेंट होने के बाद भी लगातार टॉर्चर किया गया।

वहीं पुलिस के मुताबिक, अंकुर रक्षा मंत्रालय में कार्यरत है। काजल और अंकुर की शादी 23 नवंबर 2023 को हुई थी और दंपति का एक डेढ़ साल का बेटा भी है। समय-समय पर दोनों के बीच घर के खर्च और कर्ज को लेकर बहस होती थी, जो अक्सर झगड़े में बदल जाती थी।