KGMU धर्मांतरण केस में अब शारिक खान गिरफ्तार, रमीजुद्दीन और हिंदू युवती के निकाह में बना था गवाह: UP पुलिस ने पीलीभीत से दबोचा

लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के चर्चित लव जिहाद मामले में नया अपडेट सामने आया है। पुलिस ने हिंदू युवती का धर्मांतरण कर जबरन निकाह कराने वाले आरोपित डॉ. रमीजुद्दीन के गवाह शारिक खान को पीलीभीत से गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शारिक खान ने ही कथित निकाहनामें में गवाह के तौर पर हस्ताक्षर किए थे। शारिक को पकड़ने के लिए पुलिस की विशेष टीम पिछले कई दिनों से पीलीभीत और उत्तराखंड के सीमावर्ती इलाकों में दबिश दे रही थी। गुरुवार (29 जनवरी 2026) को शारिख खान की लोकेशन का इनपुट मिला और छापेमारी कर दबोच लिया गया।

गौरतलब है कि यह मामला KGMU की ही जूनियर डॉक्टर हिंदू युवती के धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न से जुड़ा है। KGMU के रेजीडेंट डॉक्टर रमीजु्द्दीन ने पहचान छिपाकर हिंदू युवती को फँसाया। फिर यौन शोषण किया और जबरन निकाह कर धर्मांतरण करवा दिया। रमीज के खिलाफ 23 दिसंबर 2025 को पुलिस में शिकायत दर्ज की गई। 09 जनवरी 2026 को आरोपित को लखनऊ स्टेशन से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में अब तक जाकिर नाइक से लेकर दिल्ली में लाल किला ब्लास्ट के आतंकियों से कनेक्शन सामने आ चुके हैं।