मंदिर में तोड़फोड़ कर गए जेल, छूटने पर आरिफ ने साथियों संग ग्रामीणों पर किया हमला: पथराव-आगजनी के बाद छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में तनाव, कई पुलिसकर्मी घायल

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में रविवार (1 फरवरी 2026) देर शाम को अचानक सांप्रदायिक तनाव हिंसक झड़प में बदल गया। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के राजिम से लगे दुधकैयाँ गाँव में शुरू हुए बवाल में आगजनी, मारपीट और पथराव की घटनाएँ सामने आईं, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस हिंसा में 5 से 6 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गाँव में करीब चार महीने पहले इसी क्षेत्र में कुछ उपद्रवियों द्वारा राहगीरों से लूटपाट और मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इन उपद्रवियों ने गाँव के शिव मंदिर में तोड़फोड़ कर उसे खंडित कर दिया था, जिसके बाद फिंगेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद आरोपितों ने एक बार फिर बकली गाँव में शिकायतकर्ता और ग्रामीणों पर हमला किया। पुलिस ने बताया कि अपराधी आरिफ ने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर कुछ लोगों पर हमला किया था। हथियारों से लैस आरोपितों ने ग्रामीणों के साथ बेरहमी से मारपीट की। कुछ युवकों पर पत्थर और रॉड से हमला किए जाने की खबर के बाद गाँव में तनाव और बढ़ गया।

इसके बाद गुस्साए लोगों ने एक-दूसरे के घरों पर हमला कर दिया और कई मकानों और वाहनों में आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद एसपी मौके पर पहुँचे। आसपास के थानों से अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। फिलहाल गाँव में कर्फ्यू जैसे हालात हैं और प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।