फरीदाबाद में पत्नी ने प्रेमी रियाउल के साथ मिलकर पति सुमन की हत्या कर उसका शव ट्रैक पर फेंक दिया। सुमन और उसकी पत्नी झारखंड के गोड्डा की रहने वाले है, जबकि प्रेमी रियाउल पश्चिम बंगाल के मालदा का है। पत्नी कविता और उसका प्रेमी एक साथ फरीदाबाद के महाराजपुर में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, सुमन का भाई सन्नी ने सुमन की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। उसने सुमन की पत्नी और उसके प्रेमी पर शक जताया। दरअसल सुमन को उसकी पत्नी के अवैध संबंध की जानकारी हो गई थी। 30 नवंबर 2025 को सुमन की हत्या की गई और रेलवे ट्रैक पर शव रख दिया गया ताकि मौत की वजह का पता न चल सके। लेकिन जाँच के दौरान सब सामने आ गया।
ऐसी ही एक घटना यूपी के मुजफ्फरनगर में हुई। यहाँ सोनिया ने अपने प्रेमी सादिक के साथ मिलकर पति संजीव उर्फ जीवन की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को कंबल में लपेट कर नाले में फेंक दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त हरीनगर गाँव निवासी संजीव उर्फ जीवन के रूप में हुई।
मृतक के परिजनों के मुताबिक, संजीव ने अपनी पत्नी से मिलने गया था, वह वापस लौट कर नहीं आया। पुलिस ने सोनिया से पूछताछ की। सख्ती दिखाने पर सोनिया ने सारी कहानी बयाँ कर दी।
सोनिया के मुताबिक, उसका प्रेमप्रसंग अपने ससुराल हरीनगर में रहने वाले सादिक से चल रहा है। सादिक गोवा में सिलाई का काम करता था। हत्या वाले दिन सोनिया ने पति संजीव को एक घर पर बुलाया था। वहाँ पहले से सादिक छिपा हुआ था। दोनों ने बेरहमी से रस्सी से गला घोंटकर संजीव की हत्या कर दी और शव को नाले में फेंक दिया।

