पुष्कर की गलियों में ब्रिटिश कपल लगा रहा था फिलिस्तीन के स्टिकर, प्रशासन ने हाथ में थमाया ‘लीव इंडिया’ का नोटिस: टूरिस्ट वीजा के नियमों का उल्लंघन करने पर एक्शन

राजस्थान के पवित्र तीर्थ स्थल पुष्कर में विदेशी पर्यटकों की एक गलती उन पर भारी पड़ गई है। सार्वजनिक जगहों पर इजरायल विरोधी और फिलिस्तीन समर्थक स्टिकर लगाने के मामले में प्रशासन ने दो ब्रिटिश नागरिकों को तुरंत भारत छोड़ने का आदेश (लीव इंडिया नोटिस) दिया है।

ब्रिटिश नागरिक लुईस गैब्रियल और उनकी महिला मित्र अनुशी एम्मा टूरिस्ट वीजा पर भारत घूमने आए थे। लेकिन राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होकर उन्होंने वीजा नियमों का उल्लंघन कर दिया। खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

मामला 21 जनवरी का है। खुफिया विभाग को खबर मिली थी कि पुष्कर की गलियों में राजनीतिक संदेश वाले स्टिकर लगाए जा रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो इस ब्रिटिश जोड़े की पहचान हुई।

पूछताछ में पता चला कि ये लोग टूरिस्ट वीजा पर होकर भी प्रतिबंधित गतिविधियों में हिस्सा ले रहे थे। पुलिस ने तुरंत उन स्टिकर्स को हटवा दिया। आव्रजन नियमों के तहत दोनों का वीजा रद्द कर दिया गया है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि किसी भी विदेशी को भारत की जमीन पर राजनीतिक विरोध करने की इजाजत नहीं है। पुष्कर में इजरायली पर्यटकों की बड़ी संख्या को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियाँ अब ज्यादा सतर्क हैं।