‘सवर्णों की कब्र खुदेगी प्रयागराज की धरती पर’: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में UGC मामले पर नारेबाजी, दो गुट के छात्र-छात्राएँ आपस में भिड़े

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में यूजीसी के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट के रोक लगाने के आदेश का विरोध कर रहे कुछ छात्रों और सवर्ण समाज के अन्य छात्रों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। सवर्ण समाज के छात्रों का आरोप है कि विरोध प्रदर्शन की आड़ में ‘सवर्णों की कब्र खुदेगी, प्रयागराज की धरती पर’ जैसे नारे लगाए गए। दोनों पक्षों के बीच मारपीट का वीडियो भी सामने आया है।

सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र आपस में मारपीट कर रहे हैं। एक दूसरे को हाथ और लात मार रहे हैं। इनमें कुछ छात्राएँ भी शामिल हैं, जो आपस में भिड़ रही हैं। वही गाली-गलौज की आवाज भी सुनाई दे रही है।

UGC नियमों पर SC के आदेश का विरोध करने वाले छात्रों का आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार (03 फरवरी 2026) को विश्वविद्यालय परिसर के बीचोबीच बरगद लॉन में दिशा छात्र संगठन ने यूजीसी के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट के रोक लगाने के आदेश के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। संगठन का आरोप है कि इस दौरान 30 से 40 की संख्या में आए युवकों ने प्रदर्शन में घुसकर अचानक गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि इन युवकों ने छात्र-छात्राओं को जातिसूचक गालियाँ दी। महिलाओं के साथ बदसलूकी की और घूसे भी मारे। उन युवकों ने प्रदर्शन का विरोध किया और छात्रों को धमकाने लगे। संगठन ने कहा कि इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र पहुँचे, जिससे डरकर वे युवक भाग गए।

सवर्ण समाज के छात्रों का आरोप

वहीं दूसरा गुट सवर्ण समाज के छात्रों का आरोप है कि प्रदर्शन की आड़ में भड़काऊ नारे लगाए जा रहे थे। छात्रों ने कहा कि जब उन्होंने आपत्ति जताई, तो हिंसा पर उतर आए। इस बीच ABVP के छात्रों को भी इस मामले में दखल देना पड़ा। इनमें से विश्वविद्यालय के दो छात्रों भावेश दुबे और सम्राठ राय का वीडियो भी सामने आया है, जिनमें से एक छात्र को गंभीर चोटें दिखाई दे रही हैं।

वीडियो में भावेश दुबे कहते हैं कि जब वो और उनके दोस्त सम्राठ राय अपनी क्लास में जा रहे थे, तब उन्होंने दिशा संगठन के कार्यक्रम में ‘सवर्णों की कब्र खुदेगी, प्रयागराज की धरती पर’ जैसे भड़काऊ नारे सुने। भावेश कहते हैं कि जब उन्होंने मौके पर पहुँचकर इसका विरोध किया तो उन छात्रों ने कहा, “तुम सवर्ण हो, तुम लोग भारत छोड़ो, तुम लोगों के लिए विश्वविद्यालय नहीं बना है। यूजीसी तुम लोग वापस सकते हो, तो हम वापस ला भी सकते हैं।”

भावेश ने आरोप लगाया कि उन छात्रों के बाहरी गुंडो और लड़कियों ने उनके दोस्त सम्राठ राय को मारना शुरू कर दिया। एक छात्रा ने सम्राठ राय के हाथ पर काट लिया, जिससे गहरा घाव आया है। भावेश और उनके अन्य साथियों को भी बीचबचाव करने पर मारा गया। भावेश ने कहा कि उनके साथियों पर फर्जी मुकदमा किया गया, जो वीडियो में नहीं दिख रहे हैं उन पर भी केस किया गया है।

भावेश ने कहा कि उन लोगों ने गाड़ियाँ तोड़ने और विश्वविद्यालय के गेट से बाहर फेंकने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि SC/ST एक्ट लगाने की धमकी दी जा रही है। भावेश और उनके दोस्त ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई

विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने बताया कि बरगद लॉन में यूजीसी नियमावली-2026 पर बिना अनुमति के दिशा छात्र संगठन के लोग कार्यक्रम और नारेबाजी कर रहे थे। दूसरे छात्रों ने इसका विरोध किया, तो दोनों गुटों में झगड़ा हो गया।

उन्होंने बताया कि जिस बीए तृतीय वर्ष के छात्र को दाँत से काटा गया था, उन्हें अस्पताल ले जाकर इलाज करवाया गया है। पुलिस में शिकायत दर्ज कर ली गई है और जाँच शुरू कर दी गई है।

परिसर में किसी भी तरह की हिंसा, गाली-गलौज, जातिसूचक भाषा या महिलाओं के प्रति बुरा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जाँच के बाद दोषी पर सख्त कार्रवाई होगी। छात्रों को शांति और पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए।