इंस्टाग्राम पर ’10 रुपए का बिस्कुट कितने का है जी’ वाली रील बनाकर मशहूर हुए मेरठ के शादाब जकाती एक बार फिर विवादों में है। शादाब पर झारखंड की एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि शादाबी ने उसे 1 साल तक बँधक बनाकर रखा। इस दौरान महिला का शोषण किया गया और मारपीट की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला का नाम चाँदनी उर्फ तबस्सुम है। साल 2017 में चाँदनी झारखंड से मेरठ आकर रहने लगी। यहाँ उसने मुजफ्फरनगर के सोनू प्रजापति से लव मैरिज की। दोनों दंपति इंचौली क्षेत्र में रहने लगे। महिला का पति बैट्री के काम से अक्सर बाहर रहता था। महिला का एक बेटा भी है।
महिला ने यूट्यूब पर वीडियो बनाना शुरू किया। तभी फरवरी 2025 में उसकी मुलाकात शादाब जकाती से हुई। महिला ने बताया कि शादाब ने उसे अपनी कई रील वीडियो में शामिल किया। इसके बाद शादाब ने महिला को अपने घर में कैद कर लिया। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पिछले एक साल से रोजाना प्रताड़ित किया गया। यहाँ तक कि शादाब की बीवी शाजिया ने महिला के साथ मारपीट और गाली-गलौज की।
महिला ने कहा कि शादाब ने उसकी जिंदगी खराब कर दी। उसके शरीर पर पीटने के निशान हैं। वह आत्महत्या का मन बना चुकी थी। लेकिन उसके पति ने हिम्मत दी और लड़ाई लड़ने को कहा। महिला का आरोप है कि शादाब केवल अश्लील वीडियो बनाता है, इसके चक्ककर में वह कई महिलाओं को अपने जाल में फँसा चुका है।
महिला ने इंचौली थाने में तहरीर दी है। इंचौली थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि महिला काफी गंभीर आरोप लगा रही है। मामले की जाँच कर कार्रवाई की जाएगी।

