‘पायलटों ने नहीं गिराया विमान… आरोप झूठे और बेबुनियाद’: अहमदाबाद एअर इंडिया क्रैश पर इटैलियन अखबार के दावे पर भारत भड़का, AAIB ने भी दिया करारा जवाब

अहमदाबाद में जून 2025 में हुए एअर इंडिया (AI-171) विमान हादसे को लेकर एक विदेशी रिपोर्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इटली के मशहूर अखबार ‘कोरिएरे देला सेरा’ ने दावा किया है कि यह हादसा तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि एक ‘जानबूझकर किया गया कृत्य’ था।

हालाँकि, भारत के विमान दुर्घटना जाँच ब्यूरो (AAIB) ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इन्हें गलत और अटकलबाजी करार दिया है। भारत सरकार का कहना है कि जाँच अभी चल रही है और बिना सबूत ऐसे निष्कर्ष निकालना गलत है।

इटैलियन अखबार के गंभीर आरोप: ‘पायलट ने खुद बंद किए इंजन’

इटली के अखबार की रिपोर्ट में अज्ञात सूत्रों के हवाले से बेहद चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, जाँचकर्ताओं का मानना है कि टेकऑफ के तुरंत बाद विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच को जानबूझकर ‘रन’ से ‘कट-ऑफ’ मोड पर डाल दिया गया था, जिस वजह से विमान के दोनों इंजन बंद हो गए और वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इस रिपोर्ट में विमान के कमांडर कैप्टन सुमीत सभरवाल को मुख्य संदिग्ध बताया गया है और यहाँ तक कि उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। अखबार ने इन दावों को जांच की दिशा में एक बड़ा ‘ब्रेकथ्रू’ करार दिया है।

भारत का कड़ा जवाब: ‘जाँच जारी है, अटकलें न फैलाएँ’

भारतीय जाँच एजेंसी AAIB ने इन अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि हादसे की जाँच अंतरराष्ट्रीय मानकों (ICAO) के तहत पूरी वैज्ञानिक पारदर्शिता के साथ की जा रही है। ब्यूरो ने जोर देकर कहा है कि चूँकि अभी तक जाँच किसी भी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुँची है, इसलिए किसी भी व्यक्ति या पायलट को दोषी ठहराना पूरी तरह से जल्दबाजी और गलत होगा।

एजेंसी के मुताबिक, प्रारंभिक रिपोर्ट में केवल शुरुआती तकनीकी तथ्यों को सामने रखा गया था और उसमें किसी को भी अपराधी नहीं बताया गया था, इसलिए अंतिम रिपोर्ट आने तक मीडिया संगठनों को संयम बरतने और अपुष्ट खबरों से बचने की सलाह दी गई है।

पायलट समुदाय में आक्रोश और हादसे की कड़वी यादें

जब से फ्यूल कट-ऑफ की बात मीडिया में आई है, पायलट यूनियनों ने इसका कड़ा विरोध किया है। उनका कहना है कि बिना ठोस सबूत के पायलट को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। कैप्टन सभरवाल के परिवार ने भी इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

हादसे का फ्लैशबैक: जून 2025 में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरते ही एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकरा गया था। इस भीषण हादसे में कुल 260 लोगों की जान गई थी। फिलहाल, सबकी नजरें भारत सरकार की आधिकारिक अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं।