2.5 लाख विजिटर्स, 3000+ वक्ता और 500+ सत्र: दिल्ली में होगी AI इम्पैक्ट समिट की शुरुआत, PM मोदी करेंगे उद्घाटन

भारत में आज (16 फरवरी 2026) से नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट शुरू होने जा रही है। इस समिट का विषय ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ है। इसका मतलब है कि तकनीक का इस्तेमाल सभी लोगों के भले के लिए किया जाए। कार्यक्रम में देश और विदेश से कई विशेषज्ञ और मेहमान शामिल हो रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सपो 16 से 20 फरवरी 2026 तक चलेगा। आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम में करीब 2.5 लाख से ज्यादा लोगों के आने की उम्मीद है, जिनमें विदेशी प्रतिनिधि भी शामिल हैं। समिट और एक्सपो के दौरान 500 से अधिक सत्र होंगे।

इनमें 3,250 से ज्यादा वक्ता अपने विचार साझा करेंगे। इस आयोजन का मकसद AI के क्षेत्र में नई साझेदारी बनाना और व्यापार के नए अवसर पैदा करना है। प्रधानमंत्री ने इस समिट के उद्घाटन से पहले अपने X पर ट्वीट किया और दुनिया भर के नेताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, नवाचारकर्ताओं, नीति निर्माताओं, शोधकर्ताओं और तकनीक प्रेमियों का स्वागत किया।

उन्होंने लिखा “AI आज स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शासन और उद्योग जैसे कई क्षेत्रों में बदलाव ला रहा है। यह समिट नवाचार, सहयोग और जिम्मेदार उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर वैश्विक चर्चा को आगे बढ़ाएगी।” उन्होंने विश्वास जताया कि भारत AI के क्षेत्र में अपनी क्षमता और जिम्मेदारी दोनों को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है और यह आयोजन दुनिया को साथ लाने का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।