अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की फाइल्स से आए दिन हैरान करने वाले खुलासे हो रहे हैं। इन फाइल्स में अब तक सैकड़ों सफेदपोश लोगों के स्याह चेहरे सामने आए हैं और पीड़िताओं को लेकर कई अहम जानकारियाँ मिली हैं। अब सामने आया है कि जेफ्री एपस्टीन ने एक भारतीय लड़की को भी अपना शिकार बनाया था। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी की गई फाइल्स में दर्ज के ईमेल में अधिकारियों के बीच बातचीत से यह जानकारी सामने आई है।
इस ईमेल में अमेरिकी प्रशासन के अधिकारी भारतीय लड़की को तलाशने और उसे न्याय और मुआवजा दिए जाने का जिक्र कर रहे हैं। यह ईमेल पीड़ितों का केस लड़ रही लॉ फर्म EDWARDS POTTINGER LLC की वकील ब्रिटनी हेन्डरसन ने अमेरिकी अधिकारियों को भेजा थी। अपने संदेश में उन्होंने बताया कि कुछ पीड़ित लड़कियाँ मेंट्रल ट्रॉमा से उबरने के लिए थेरेपी लेना चाहती हैं। उन्होंने फ्लोरिडा और न्यूयॉर्क की कुछ पीड़िताओं के नाम भी अधिकारियों के साथ साझा किए थे ताकि उन्हें मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
इसी ईमेल में एक भारतीय पीड़िता का भी उल्लेख किया गया। वकील ने बताया कि वह लड़की फिलहाल भारत में रह रही है। उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से पूछा कि क्या किसी तरह उसकी भी मदद की जा सकती है। साथ ही यह सवाल भी उठाया गया कि क्या उसे भी 6 मुफ्त थेरेपी सेशन उपलब्ध कराए जा सकते हैं और क्या यह सुविधा भारत में रहते हुए संभव है।

इस ईमेल के जवाब में अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि एपस्टीन के अपराधों की शिकार लड़कियों को मुआवजा और मानसिक स्वास्थ्य सहायता देने की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि अमेरिका में यह सुविधा न्यूयॉर्क की न्यूयॉर्क राज्य पीड़ित सेवा कार्यालय (New York State Office of Victim Services) के तहत उपलब्ध है। इसके अलावा एक इमरजेंसी विक्टिम सहायता कोष है, जिसके माध्यम से पीड़ितों को स्वास्थ्य और काउंसलिंग से जुड़ी मदद दी जाती है।
अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया कि भारतीय पीड़िता के मामले में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह समझा जा सके कि उसे किस प्रकार की सहायता दी जा सकती है। हालाँकि, ईमेल में उस लड़की की पहचान उजागर नहीं की गई है। ईमेल में भारतीय पीड़िता का नाम पूरी तरह छिपाया गया है। इसलिए उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं हो पाई है।

