UP में निवेश बढ़ाने के लिए जापान की यात्रा करेंगे CM योगी, सिंगापुर में उद्योगपतियों के साथ भी करेंगे बैठक: कई अहम कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी 2026 से सिंगापुर और जापान की 5 दिवसीय विदेश यात्रा पर रवाना होंगे। यह दौरान 22 से 26 फरवरी तक चलेगा। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में विदेशी निवेश लाना, आधुनिक तकनीक को समझना और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करना है।

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री 23 और 24 फरवरी को सिंगापुर में रहेंगे। वहाँ वे निवेशकों, उद्योगपतियों और कारोबारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और नई परियोजनाओं को लेकर चर्चा होगी। राज्य सरकार के अधिकारियों के मुताबिक यह दौरा निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्ववपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसके बाद मुख्यमंत्री 25 और 26 फरवरी को जापान में रहेंगे। जापान दौरे के दौरान उनका सबसे खास कार्यक्रम मैग्लेव हाई स्पीड ट्रेन में सफर करना है। यह ट्रेन मैग्नेटिक लेविटेशन तकनीक पर आधारित है और करीब 600 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है। यह ट्रेन पटरी से ऊपर चुंबकीय शक्ति के सहारे चलती है, इसीलिए इसे फ्लाइंग ट्रेन भी कहा जाता है।

योगी आदित्यनाथ जापान में लगभग 100 किलोमीटर की परीक्षण यात्रा करेंगे, जिसमें 50 किलोमीटर आगे और 50 किलोमीटर वापसी का सफर शामिल है। यह ट्रेन टोक्यो और नागोया के बीच विकसित किए जा रहे कॉरिडोर पर टेस्टिंग के दौर में है। इस परियोजना को 2027 तक शुरू करने की योजना है।

जापान प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री वहाँ के सरकारी प्रतिनिधियों और उद्योग जगत के अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे। साथ ही वे टोक्यो के पास स्थित एक हनुमान मंदिर में दर्शन करेंगे और भारतीय समुदाय से संवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के इस विदेश दौरे को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा में उनका पहनावा है। वह भगवा वस्त्रों में विदेश यात्रा पर जाएँगे, लेकिन पारंपरिक सैंडल की जगह जूते पहनेंगे।

प्रदेश सरकार के अनुसार, मुख्यमंत्री के 9 साल के कार्यकाल में यह उनकी दूसरी विदेश यात्रा है। इससे पहले उन्होंने 2017 में म्यांमार का दौरा किया था। इस बार की यात्रा को तकनीकी सहयोग, निवेश और आधुनिक परिवहन व्यवस्था को समझने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।