AI इम्पैक्ट समिट में शर्टलेस प्रदर्शन मामले में अब तक 5 गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस ने ग्वालियर से पकड़ा इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस का कार्यकर्ता, 1 की कार से टी-शर्ट बरामद

दिल्ली पुलिस ने सोमवार (23 फरवरी 2026) को भारत मंडपम में आयोजित AI इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन मामले में पाँचवीं गिरफ्तारी करते हुए ग्वालियर से जितेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस चार अन्य आरोपितों कृष्णा हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव को गिरफ्तार कर चुकी है।

चारों को पटियाला हाउस कोर्ट ने पाँच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट ने इस शर्टलेस प्रदर्शन को सार्वजनिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि इससे भारत की कूटनीतिक छवि को नुकसान पहुँचा है।

पुलिस के अनुसार, मामले की जाँच के दौरान इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस नेता कृष्णा हरि की कार से विरोध प्रदर्शन में इस्तेमाल किए गए टी-शर्ट और पोस्टर बरामद किए गए हैं। इन टी-शर्टों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें थीं, जिनके साथ सरकार और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लिखे गए थे।

यह विरोध प्रदर्शन को समिट के अंतिम दिन उस समय हुआ, जब दुनिया भर से आए नेता और तकनीकी विशेषज्ञ कृत्रिम बुद्धिमत्ता के भविष्य पर चर्चा के लिए मौजूद थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।