राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार (23 फरवरी 2026) को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया। लाल किला और दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पूरे शहर में खलबली मच गई। कथित तौर पर एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से भेजे गए ईमेल में यह धमकी दी गई थी।
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को सुबह करीब 8 बजे यह ईमेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
धमकी केवल विधानसभा तक सीमित नहीं थी। दिल्ली सचिवालय, लाल किला और आर्मी स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। दिल्ली अग्निशमन सेवा को दोपहर करीब 12 बजे इसकी सूचना मिली, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुँचीं। विधानसभा, सचिवालय और आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि विधानसभा और लाल किला परिसर की सघन जाँच की गई। हालाँकि अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। एहतियात के तौर पर दोनों जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। बैरिकेडिंग की गई है और अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा दिल्ली कैंटोनमेंट स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी कॉलोनी के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले। दोनों स्कूलों को खाली कराया गया और बम डिस्पोजल स्क्वाड तथा डॉग स्क्वाड ने गहन जाँच की। बाद में दोनों मामलों को फर्जी यानी होक्स करार दिया गया।
पुलिस जाँच में पता चला है कि दिल्ली में पिछले कई महीनों से स्कूलों, कोर्ट और सरकारी इमारतों को बार-बार बम धमकी वाले ईमेल मिल रहे हैं। ज्यादातर मामलों में ये धमकियाँ VPN और विदेशी सर्वर के जरिए भेजी जाती हैं। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल इस ईमेल की तकनीकी जाँच कर रही है और भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

