दिल्ली के ISBT के पास लॉरेंस बिश्नोई के वकील पर हमला, बदमाशों ने कार पर की अंधाधुंध फायरिंग: बाल-बाल बचे दीपक खत्री, जाँच में ‘शहजाद भट्टी’ गैंग का नाम आया

राजधानी दिल्ली का कश्मीरी गेट इलाका मंगलवार (24 फरवरी) रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल गया। यहाँ आईएसबीटी (ISBT) के पास मरघट वाले हनुमान मंदिर के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

इस कार में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम के वकील दीपक खत्री अपने साथियों के साथ सवार थे। हमले में कार में मौजूद संदीप नामक युवक के कंधे में गोली लगी है। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे स्कूटर पर सवार तीन बदमाश आए और कार को निशाना बनाया। हमले के वक्त कार में वकील दीपक खत्री भी मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।

वकील दीपक ने बताया कि उन्हें पहले से धमकियाँ मिल रही थीं। शक है कि लॉरेंस बिश्नोई के केस लड़ने की वजह से उन पर यह हमला हुआ है। पुलिस को शुरुआती जाँच में ‘शहजाद भट्टी’ गैंग का नाम पता चला है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।