महबूब अली-सोनू ने ‘मीट काटने वाली आरी’ से की 50 साल के अजय की हत्या: पहचान मिटाने के लिए चेहरा कुचला; रोहिणी का मामला, दोनों भाई गिरफ्तार

दिल्ली के अमन विहार इलाके में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ 50 साल के अजय कुमार की महबूब अली और सोनू नाम के दो सगे भाइयों ने बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी।

अजय पिछले छह दिनों से लापता थे, जिनका शव अब नजफगढ़ के नाले से बरामद हुआ है। पुलिस ने जब आरोपितों को दबोचा, तो सच्चाई जानकर सबके होश उड़ गए। आरोपितों ने सिर्फ इसलिए अजय को मौत के घाट उतार दिया क्योंकि वे उनसे लिए हुए 4 लाख रुपए का कर्ज नहीं चुका पा रहे थे।

हत्या का तरीका इतना क्रूर था कि सुनकर रूह कांप जाए। जानकारी के मुताबिक, आरोपितों ने अजय को पैसे देने के बहाने अपने होटल बुलाया और फिर जानवरों का मांस काटने वाले छुरे और आरी जैसे हथियार से उन पर हमला कर दिया।

अजय के परिवार का कहना है कि उनकी पहचान छिपाने के लिए चेहरे को बुरी तरह कुचल दिया गया और सिर पर गहरे घाव किए गए। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए शव को बोरी में भरकर नाले में फेंक दिया गया। पुलिस ने CCTV और टेक्निकल सर्विलांस की मदद से दोनों भाइयों को गिरफ्तार किया। पीड़ित परिवार अब इन दरिंदों के लिए फाँसी की माँग कर रहा है।