‘बंगाल में बनेगी भाजपा सरकार, चुन-चुनकर बाहर निकाले जाएँगे घुसपैठिए’: अररिया में अमित शाह ने भरी हुंकार, देश के दुश्मनों को दी चेतावनी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार (26 फरवरी) को बिहार के अररिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव और घुसपैठ के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। अमित शाह ने पूरे भरोसे के साथ दावा किया कि आगामी चुनावों में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

शाह ने स्पष्ट किया कि सत्ता में आते ही उनकी सरकार घुसपैठ के खिलाफ एक सख्त और निर्णायक अभियान चलाएगी, जिसमें एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

सीमांचल से होगी घुसपैठियों की सफाई

गृह मंत्री अमित शाह ने सीमांचल क्षेत्र को संबोधित करते हुए कहा कि घुसपैठ न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है, बल्कि यह देश के जनसांख्यिकीय संतुलन (डेमोग्राफी) को भी बिगाड़ रही है।

उन्होंने कहा, “बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्य इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बंगाल में सरकार बनने के बाद बिहार के सीमांचल क्षेत्र से भी घुसपैठियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू होगी।” उन्होंने याद दिलाया कि पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में इसी मुद्दे पर भाजपा को भारी जनादेश मिला था।

दुश्मन ताकतों को अमित शाह की चेतावनी

अमित शाह ने सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही हम एक मित्र देश के साथ लगी सीमा की सुरक्षा कर रहे हैं, लेकिन यह जरूरी नहीं कि देश के दुश्मन उस रास्ते का गलत इस्तेमाल न करें।

अमित शाह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को इतना मजबूत किया जा रहा है कि कोई भी देश को नुकसान पहुँचाने वाला तत्व भीतर प्रवेश न कर सके। उन्होंने विपक्ष की आलोचनाओं को खारिज करते हुए कहा कि जनता का जनादेश हमारे एजेंडे के साथ है।

किशनगंज के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना

कार्यक्रम में शामिल होने से पहले अमित शाह ने अपनी यात्रा की शुरुआत धार्मिक विधि-विधान के साथ की। वे किशनगंज से अररिया के लिए निकलते समय MGM मेडिकल कॉलेज के पास स्थित एक प्राचीन हनुमान मंदिर रुके। वहाँ उन्होंने बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी के साथ पूरी श्रद्धा से पूजा-अर्चना की और देश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे अररिया पहुँचे जहाँ उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।