लखनऊ लव जिहाद गिरोह का खुलासा करने वाली रिक्षा तुफैल को मिल रही हत्या और रेप की धमकियाँ, ब्राउन गर्ल कैफे गिरोह के कारनामों को किया था उजागर: वीडियो हुआ वायरल

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लव जिहाद और धर्मांतरण से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करने वाली NGO संचालिका रिक्षा तुफैल को जान से मारने, दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकियाँ मिली है। पीड़िता ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।

मामला गोमतीनगर स्थित ‘ब्राउन गर्ल कैफे’ से जुड़ा है, जहाँ से फरवरी में कई युवतियों को पुलिस की मदद से मुक्त कराया गया था। रिक्षा तुफैल का आरोप है कि कैफे मालिक कमरू जमाल उर्फ राहुल और उसके सहयोगी कमर हयात इदरीसी लड़कियों को झाँसे में लेकर उनका शोषण करते थे।

आरोप है कि वे नशा देकर आपत्तिजनक वीडियो बनाते और ब्लैकमेल करते थे। इस मामले में कमर हयात की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि जफर हयात, आमिर खान और प्रिया पांडे समेत अन्य आरोपित फरार हैं।

पीड़िता के अनुसार, गिरोह का खुलासा करने के बाद से उनकी रेकी की जा रही थी। शनिवार (21 फरवरी 2026) की रात उनके हॉस्टल और घर पर पत्थर फेंके गए तथा अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल और व्हाट्सऐप संदेश आए।

पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर जाँच शुरू कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा और साइबर ट्रेसिंग दोनों एंगल से जाँच जारी है।