जो Ex-Muslim सलीम खुलकर खोलता था इस्लाम की पोल, जुमे के दिन हमलावरों ने उसे चाकू से गोदा: पेट-छाती और गला सब काटा, हालत गंभीर

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के लोनी में एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक पर हमला हुआ है। उन्हें चाकुओं से गोदा गया है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि उनके मुस्लिम सुधारवादी रुख से नाराज लोगों ने रमजान के महीने में जुमे (शुक्रवार) के दिन सुबह की नमाज के बाद धारदार हथियारों से उन पर हमला बोल दिया। उनके गले पर गहरा घाव बना हुआ है। हमले की सूचना पाकर मौके पर पहुँची पुलिस ने उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गले पर गहरे घाव की वजह से उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अभी तक हमलावरों की पहचान उजागर नहीं की गई है। उनके साथी समीर ने भी हमले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सलीम के पेट, सीने और गले पर चाकुओं से वार किया गया है।

कौन हैं सलीम, जो खुद को बताते हैं एक्स मुस्लिम

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सलीम खुद को इस्लाम में सुधारवादी रुख रखने वाला बताते हैं। वो कई सार्वजनिक बहसों में मजहबी मौलानाओं को बहस की चुनौती दे चुके हैं और कई टीवी टॉक शो में भी नजर आ चुके हैं। कुछ समय पहले ही उनके खिलाफ मजहबी भावनाओं को भड़काने के मामले में 2 केस भी हुए थे।

सलीम पर हमले के बारे में सोशल मीडिया पर लगातार लिखा जा रहा है।

सलीम के साथी एहसान ने उन पर हमले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ये हमला सुबह के समय नमाज के तुरंत बाद हुआ। उन्हें पड़ोसियों से सूचना मिली, जिसके बाद वो अस्पताल पहुँचे हैं। एहसान ने कहा कि ये हमला सलीम की आवाज बंद कराने के लिए है। उन्होंने बिना नाम लिए इस्लामी कट्टरपंथियों पर हमला करने के आरोप लगाए।