राजस्थान की भजनलाल सरकार ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नया सम्मान देते हुए तीन शहरों के नाम बदलने का ऐतिहासिक फैसला किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान घोषणा की कि अब माउंट आबू ‘आबू राज’, जहाजपुर ‘यज्ञपुर’ और कामां ‘कामवन’ के नाम से जाना जाएगा। इसके साथ ही सरकार ने मिड-डे मील कर्मियों, पत्रकारों और विधायकों के लिए राहतों का पिटारा खोलकर हर वर्ग को साधने की कोशिश की है।
तीन शहरों को मिली नई पहचान
मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की भावनाओं और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इन शहरों के नाम बदलने का निर्णय लिया है। सिरोही जिले का मशहूर हिल स्टेशन माउंट आबू अब आबू राज कहलाएगा।
इसी तरह भीलवाड़ा के जहाजपुर का नाम बदलकर यज्ञपुर और डीग जिले के कामां का नाम कामवन कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि इन पुराने और सांस्कृतिक नामों से नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ाव महसूस करेगी।
जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए हमारी सरकार ने राजस्थान के तीन प्रमुख स्थानों के नाम परिवर्तन करने का निर्णय किया है। माउंट आबू अब 'आबू राज', जहाजपुर अब 'यज्ञपुर' और कामां अब 'कामवन' के नाम से जाना जाएगा।#बजट_समृद्ध_राजस्थान_का pic.twitter.com/zuhLqu4zlO
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) February 27, 2026
मिड-डे मील कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी
लंबे समय से अपनी माँगों को लेकर आवाज उठा रहे मिड-डे मील कर्मचारियों और सहायकों के लिए सरकार ने बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री ने उनके मानदेय (सैलरी) में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। इस फैसले से प्रदेश के हजारों परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
पत्रकारों और कार्मिकों के लिए विशेष सौगात
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी पत्रकारों के सम्मान में सरकार ने पेंशन राशि को बढ़ाकर 18,000 रुपए कर दिया है। इसके साथ ही सरकारी कर्मचारियों के लिए भी बड़ी योजना शुरू की गई है। आने वाले तीन सालों में प्रदेश के कार्मिकों के लिए 3000 नए फ्लैट्स बनाए जाएँगे, जिससे कर्मचारियों की आवास संबंधी समस्या का समाधान हो सकेगा।
विधायकों के लिए डिजिटल सुविधा और वेतन वृद्धि
विधानसभा में विधायकों के लिए भी घोषणाओं की झड़ी लगा दी गई। विधायकों के वेतन में वृद्धि के साथ-साथ उन्हें हाई-टेक बनाने के लिए मोबाइल टैबलेट देने का निर्णय लिया गया है। इससे न केवल विधायी कार्य सुगम होंगे, बल्कि सरकारी कामकाज में भी डिजिटल पारदर्शिता आएगी।

