तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में ढाई साल की एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में सत्ताधारी दल DMK की यूथ विंग से जुड़े एक स्थानीय पदाधिकारी को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर पोक्सो (POCSO) एक्ट और हत्या की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपित अपनी लिव-इन पार्टनर और उसकी मासूम बच्ची के साथ रह रहा था। कुछ दिनों पहले जब बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ी, तो उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी से हुई मौत माना जा रहा था, लेकिन बच्ची के जैविक (Biological) पिता को संदेह हुआ। उनकी शिकायत पर पुलिस ने जब जाँच शुरू की और पोस्टमार्टम कराया, तो सच्चाई जानकर हर कोई दंग रह गया।
🔴#BREAKING | DMK Youth Wing Member Arrested For Alleged Sexual Assault, Murder Of Toddler
— NDTV (@ndtv) February 28, 2026
NDTV's @jsamdaniel joins @reetksahni with more details pic.twitter.com/grwm5SzXNa
शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटों के निशान मिले, जो यौन उत्पीड़न की पुष्टि कर रहे थे। पुलिसिया पूछताछ में आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब फाइनल फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें। इस घटना ने पूरे राज्य में आक्रोश पैदा कर दिया है और विपक्षी दल सरकार पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

