गुजरात में अवैध दरगाह पर चला बुलडोजर, चारागाह की जमीन पर बना था: ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई, भरूच का मामला

गुजरात सरकार ने सरकारी जमीनों और गौचर (चरागाह) भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में भरूच जिले के झगड़िया तालुका के गोवाली गाँव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौचर भूमि पर बने अवैध धार्मिक ढाँचों और अन्य अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन के अनुसार, गोवाली गाँव के सर्वे नंबर 1456 और 1457 की गौचर भूमि पर लंबे समय से अवैध रूप से एक धार्मिक दरगाह सहित अन्य निर्माण किए जा रहे थे। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने बार-बार आपत्ति दर्ज कराई थी और बहुमूल्य चरागाह भूमि को बचाने की माँग की थी। शिकायतों और जनदबाव के बाद प्रशासन ने भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्णय लिया।

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भरूच जिला पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। मौके पर SP, DSP और बड़ी संख्या में PSI सहित पुलिस बल तैनात रहा। बुलडोजर कार्रवाई प्रांतीय अधिकारी, मामलतदार और TDO समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्वक संपन्न कराई गई।

रिपोर्ट के मुताबिक प्रशासन ने जेसीबी और बुलडोजर की सहायता से अवैध दरगाह के कंक्रीट ढाँचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और गौचर (चरागाह) भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा लिया गया।

बताया गया है कि जिस जमीन पर निर्माण किया गया था, वह सरकारी रिकॉर्ड में गौचर भूमि के रूप में दर्ज है। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन आदेश का पालन नहीं होने पर सख्त कदम उठाते हुए बलपूर्वक हटाने की कार्रवाई की गई।

इस अभियान के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी या सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध धार्मिक या व्यक्तिगत अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।