उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में शनिवार (28 फरवरी 2026) को एक 8 साल की बच्ची अनन्या की स्कूल बस के टूटे फर्श से गिरने के चलते मौत हो गई है। अनन्या माउंट इंटरनेशनल स्कूल की UKG की छात्रा थी। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने बड़े भाई गोलू के साथ स्कूल से लौट रही थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बस में लगभग 50 बच्चे थे और बस ढोलना इलाके के पास स्पीड ब्रेकर से गुजर रही थी। इसी दौरान बस के फर्श का टूटा हुआ हिस्सा गिर गया और अनन्या सीधे पीछे के पहिए के नीचे जा गिरी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया गया है कि बच्चे का भाई चीख-चीख कर बोला, ‘अंकल, बस रोको, मेरी बहन गिर गई।’ ड्राइवर ने बस रोकी और लहूलुहान बच्ची को बस की सीट पर ही लिटाए रखा, यह सोच कर कि केवल चोट लगी है और लड़के से कहा कि किसी को कुछ न बताएँ।
बाद में जब लोगों को सच पता चला, तो ड्राइवर भागने लगा लेकिन ग्रामीणों ने करीब दो किलोमीटर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बस को जब्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्कूल प्रशासन के खिलाफ पिता की शिकायत पर FIR दर्ज की गई। जाँच में पता चला कि बस का परमिट और इंश्योरेंस समाप्त हो चुके थे। गाँव के लोग गुस्से में सड़क पर बस रोककर दो घंटे तक प्रदर्शन किए और सख्त कार्रवाई की माँग की। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। पुलिस का कहना है कि घटना गंभीर है और इसकी जाँच चल रही है।

