दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने दिया सौगात, कश्मीरी गेट ISBT के पास बनेगा फुट ओवर ब्रिज: लद्दाखी डिजाइन में लिफ्ट सुविधा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार (5 मार्च 2026) को कश्मीरी गेट ISBT के पास मोनेस्ट्री मार्केट, लद्दाख बुद्ध विहार क्षेत्र में नए फुट ओवर ब्रिज (FOB) की नींव रखी। यह पुल आउटर रिंग रोड पर बनाया जाएगा और इसकी अनुमानित लागत करीब तीन करोड़ रुपए बताई गई है। सरकार का कहना है कि इसका मुख्य उद्देश्य पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और व्यस्त सड़क पर दुर्घटनाओं के खतरे को कम करना है।

ISBT और बाजार क्षेत्र होने की वजह से यहाँ गाड़ियों और पैदल लोगों की आवाजाही काफी ज्यादा रहती है। ऐसे में लंबे समय से एक सुरक्षित फुट ओवर ब्रिज की माँग की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

लद्दाखी वास्तुकला में बनेगा पुल, लगेंगी दो लिफ्ट

मुख्यमंत्री ने एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि पुल का डिजाइन लद्दाख की पारंपरिक वास्तुकला को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। इसमें दो लिफ्ट भी लगाई जाएँगी, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गर्भवती महिलाओं को सुविधा मिल सके।

CM ने कहा कि यह परियोजना लद्दाख बुद्ध विहार और मोनेस्ट्री मार्केट आने-जाने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इससे रिंग रोड पर यातायात भी अधिक सुचारु और निर्बाध रूप से चल सकेगा।

कार्यक्रम में सांसद प्रवीण खंडेलवाल, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और लद्दाख भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ताशी ग्यालसन खाचू समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भी सरकार गंभीरता से काम करेगी।

CM Rekha Gupta lays the foundation foot over bridge kashmiri gate isbt delhi