मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच लुलु ग्रुप जुटा UAE की मदद में, भारत से मँगा रहा स्पेशल शिपमेंट: कार्गो फ्लाइट से ताजी खाद्य सामग्री की हो रही सप्लाई

मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण हवाई सेवाओं में लगातार व्यवधान देखने को मिल रहा है। ऐसे हालात में UAE में ताजा खाद्य सामग्री की आपूर्ति बनाए रखने के लिए लुलु ग्रुप इंटरनेशनल ने भारत से विशेष चार्टर्ड कार्गो उड़ानों की व्यवस्था शुरू की है।

शनिवार (7 मार्च 2026) की सुबह करीब 80,000 किलोग्राम ताजा खाद्य सामग्री की एक बड़ी खेप संयुक्त अरब अमीरात पहुँची। यह खेप एतिहाद एयरवेज (Etihad Airways) के कार्गो फ्रीटर विमान के जरिए भारत से अबू धाबी लाई गई। इस शिपमेंट में लगभग 12,000 पैकेज ताजी फल-सब्जियाँ और अन्य खाद्य उत्पाद शामिल थे, जिन्हें UAE में लुलु के सुपरमार्केट स्टोर्स पर बिक्री के लिए भेजा गया है।

UAE में सबसे बड़े सुपरमार्केट नेटवर्क में से एक संचालित करने वाला लुलु ग्रुप लगातार ऐसी कार्गो शिपमेंट की व्यवस्था कर रहा है, ताकि स्टोर्स में खाद्य सामग्री की आपूर्ति प्रभावित न हो। कंपनी के अनुसार, कार्गो उड़ानों के जरिए बड़ी मात्रा में जल्दी खराब होने वाले खाद्य उत्पादों को कम समय में और बिना किसी देरी के UAE पहुँचाया जा सकता है।

इससे पहले भी लुलु ग्रुप ने दिल्ली से UAE के लिए करीब 80 टन मांस की खेप भेजी थी। इसके अलावा मुंबई और बेंगलुरु  सहित भारत के कई अन्य शहरों से भी नई खेप भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि UAE के बाजारों में ताजा खाद्य सामग्री की सप्लाई लगातार बनी रहे।