‘बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को धरती पर जगह नहीं मिलेगी’: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 पर CM योगी का सख्त संदेश, कहा- अभद्रता बर्दाश्त नहीं

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रोजगार महाकुंभ में बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले सुरक्षा की जरूरत है और प्रदेश में कानून का पूरा शासन सुनिश्चित किया गया है। सीएम योगी ने चेतावनी दी, “बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाओगे तो धरती पर जगह नहीं मिलेगी।”

मुख्यमंत्री ने अभद्रता करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही। उन्होंने रविवार (8 मार्च 2026) को कहा कि अगर कोई बेटी के साथ अभद्रता करता है तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त एक्शन लिया जाएगा। प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों को कोई राहत नहीं मिलेगी। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और ऐसे अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है।

सीएम योगी ने बेटियों के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इस योजना से प्रदेश की करीब 27 लाख बेटियाँ लाभान्वित हो रही हैं। योजना के तहत बेटी का जन्म रजिस्टर में दर्ज होते ही उसके बैंक खाते में राशि जमा हो जाती है, जिससे बेटियाँ किसी पर निर्भर नहीं रहतीं और परिवार व समाज में सम्मान के साथ स्वतंत्रता से आगे बढ़ सकती हैं।

महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1947 से 2017 तक उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला कर्मियों की संख्या मात्र करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 44 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें और उन्हें आगे बढ़ने का पूरा अवसर प्रदान करें, क्योंकि अब बेटियों में आत्मविश्वास और क्षमता दोनों बहुत बढ़ गए हैं।

मिशन शक्ति की थीम ‘सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन’ का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा, “सुरक्षा पहली शर्त है और यह हर व्यक्ति को मिलनी चाहिए। सुरक्षा आत्मविश्वास भरती है, आत्मविश्वास आत्मगौरव की अनुभूति कराता है और आत्मगौरव का यह भाव ही आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर करता है।” इस मौके पर उन्होंने बेटियों को समान अवसर देने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।