उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को भरोसा दिलाया है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (LPG) की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे LPG की कमी से जुड़ी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।
गुरुवार (12 मार्च) को अधिकारियों और तेल कंपनियों के साथ बैठक में सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में ईंधन की उपलब्धता पर्याप्त है और सरकार हर परिस्थिति में आमजन की जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अफवाहों और कालाबाजारी पर सख्त एक्शन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में LPG की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई वितरक एजेंसी या व्यक्ति गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या जमाखोरी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने आवश्यकता पड़ने पर गैस वितरण केंद्रों पर पुलिस बल तैनात करने को कहा है ताकि कहीं भी अव्यवस्था न फैले।
उत्तर प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। रसोई गैस की कमी से संबंधित अफवाहों से बचें।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) March 12, 2026
यदि कोई वितरक एजेंसी अथवा निजी व्यक्ति कालाबाजारी या जमाखोरी करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
आपकी सरकार हर परिस्थिति…
आपूर्ति सामान्य करने के लिए उठाए बड़े कदम
बैठक में बताया गया कि पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। LPG की बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर मिलेगा। विकल्प के तौर पर प्रदेश को 80 लाख लीटर केरोसिन भी आवंटित किया गया है।
सीएम योगी ने खाद्य एवं रसद विभाग में कंट्रोल रूम बनाने और प्रत्येक जिले की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव एसपी गोयल ने भी सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और अफवाहों को रोकने के निर्देश जारी किए हैं।

