दिल्ली पुलिस की आउटर डिस्ट्रिक्ट फॉरेनर सेल ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत पीरागढ़ी इलाके से 10 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपित भारत में अपने वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहे थे और फर्जी दस्तावेजों के जरिए बुल्गारिया का मेडिकल वीजा हासिल करने की कोशिश में जुटे थे।
खुफिया जानकारी पर पीरागढ़ी में बिछाया जाल
पुलिस की फॉरेनर सेल को सूचना मिली थी कि पीरागढ़ी चौक के पास डीडीए पार्क में कुछ संदिग्ध विदेशी मौजूद हैं। 6 मार्च को जब पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की, तो आरोपितों ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। पूछताछ के दौरान इनमें से कोई भी व्यक्ति वैध पहचान पत्र या भारत में रहने के जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जाँच में पता चला कि इनके पास मौजूद पासपोर्ट और वीजा काफी समय पहले ही एक्सपायर हो चुके थे।
बुल्गारिया जाने की थी बड़ी साजिश
पकड़े गए बांग्लादेशी नागरिकों ने खुलासा किया कि उनका मकसद भारत के रास्ते बुल्गारिया जाना था। इसके लिए वे अवैध रूप से दिल्ली में रुककर फर्जी तरीके से मेडिकल वीजा के इंतजाम में लगे थे।
फिलहाल, फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) ने इन सभी के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएँ पूरी कर ली हैं और इन्हें वापस बांग्लादेश भेजने (डिपोर्टेशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

