पिछले साल प्रयागराज कुंभ मेले से रातों-रात मशहूर हुई ‘कुंभ गर्ल’ मोनालीसा भोंसले के पिता जयसिंह भोंसले ने अपनी बेटी की शादी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से हस्तक्षेप करने की माँग की है ताकि उनकी बेटी को सुरक्षित वापस लाया जा सके। जयसिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी ‘लव जिहाद’ का शिकार हुई है और उसे धोखे से फँसाया गया है।
पिता के गंभीर आरोप और फिल्म का बहाना
मध्य प्रदेश के महेश्वर की रहने वाली 18 वर्षीय मोनालीसा ने केरल में फरमान खान नामक युवक से शादी की है। पिता जयसिंह का कहना है कि उन्हें बताया गया था कि मोनालीसा फिल्मों में काम करने के लिए एक्टिंग और डांस की ट्रेनिंग ले रही है। उन्हें अंदाजा नहीं था कि फिल्म के नाम पर उसे केरल ले जाकर शादी कर ली जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि फरमान खान ने उनकी बेटी को जाल में फँसाया है।
मोनालीसा ने आरोपों को नकारा
दूसरी तरफ, मोनालीसा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने पिता के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। मोनालीसा का कहना है कि यह शादी उनकी मर्जी से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई है और किसी ने धर्म परिवर्तन नहीं किया है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके पिता उनकी मर्जी के खिलाफ उनकी बुआ के लड़के से शादी कराना चाहते थे, जिसका उन्होंने विरोध किया था। फिलहाल पुलिस ने युवती की माँग पर उसे सुरक्षा प्रदान की है।

