UP Police भर्ती परीक्षा में पूछे गए विवादित सवाल पर सख्त हुए CM योगी, कहा- आस्था को ठेस पहुँचाने वाली बातें बर्दाश्त नहीं: बोर्ड की भी आई सफाई

उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र में पूछे गए एक विवादास्पद सवाल को लेकर सियासत गरमा गई है। सवाल था- “अवसर के हिसाब से बदल जाने वाले को आप क्या कहेंगे?” चार विकल्प दिए गए- सदाचारी, पंडित, अवसरवादी और निष्कपट। यह सवाल सामान्य हिंदी पेपर के 31वें नंबर पर था। इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ तक शिकायत पहुँची, जिसके बाद उन्होंने सख्त रवैया अपनाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रवैया अपनाते हुए सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन्स को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की मर्यादा और आस्था के विषय में अमर्यादित टिप्पणी किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया, “इसका संज्ञान लेते हुए सभी पेपर सेटर्स को भी निर्देशित करें और हैबिचुअल ऑफेंडर्स को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। यह विषय पेपर सेटर्स के एमओयू का भी हिस्सा बनाएं। परीक्षा प्रक्रिया की शुचिता, संवेदनशीलता और गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।”

इसके अलावा दरोगा भर्ती को लेकर एक फेक पेपर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। लखनऊ के हुसैनगंज थाने में 13 और 14 मार्च 2026 को कुल सात एफआईआर दर्ज की गई हैं।

इस मामले में संबंधित बोर्ड का भी बयान आया है। UPPRPB ने कहा, “पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा अपने प्रश्न पत्र स्वयँ स्थानीय स्तर पर निर्धारित नहीं किए जाते हैं। बल्कि यह कार्य अतिगोपनीय संस्थाओं के द्वारा इस प्रकार कराया जाता है कि परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्रों की गोपनीयता अक्षुण्ण रहे। इस गोपनीयता को बनाए रखने के लिए बोर्ड स्तर पर भी किसी अधिकारी, कर्मचारी द्वारा गोपनीय सामग्री अर्थात प्रश्नपत्रों का अवलोकन नहीं किया जाता है। प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेटों को परीक्षा केंद्रों पर ही परीक्षा कक्षों में दो अभ्यर्थियों के समक्ष पहली बार खोला जाता है तत्पश्चात् वितरित किया जाता है। दिनांक 14 मार्च 2026 के प्रथम पाली के संदर्भित प्रश्न के संबंध में जांच के आदेश दिए गए हैं। जाँचोपरांत दोष निर्धारण कर संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

गौरतलब है कि यूपी में दरोगा भर्ती परीक्षा दो दिन यानी 14 और 15 मार्च को दो पालियों में कराई गई। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक चली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBB) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में 1090 सेंटर बनाए हैं। भर्ती के जरिए कुल 4,543 पदों पर नियुक्ति होगी।