ईद और राम नवमी से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट: HC के निर्देश पर बढ़ी उत्तम नगर में सुरक्षा, सोशल मीडिया पर भी निगरानी तेज

दिल्ली में ईद और रामनवमी से पहले सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद दिल्ली पुलिस ने द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके, खासकर उत्तम नगर ईस्ट मेट्रो स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

हाल ही में होली के दिन 26 वर्षीय तरुण खटीक की हत्या के बाद इलाके में सांप्रदायिक तनाव बना हुआ है। इसी संवेदनशील स्थिति को देखते हुए हाई कोर्ट ने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी हालत में कानून-व्यवस्था बिगड़ने न पाए और शांति हर हाल में कायम रखी जाए।

कोर्ट ने पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब भी माँगा है और राम नवमी तक विशेष सतर्कता बनाए रखने को कहा है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस ने द्वारका जिले में 100 से ज्यादा पिकेट पॉइंट्स बनाए हैं। हस्तसाल गाँव जैसे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

छतों से निगरानी, लगातार पैदल और वाहन गश्त के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सख्त निगरानी है। भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट को चिन्हित कर हटाया जा रहा है ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके। इलाके में भरोसा कायम करने के लिए पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी किया जा रहा है।