ब्रिटेन की राजधानी लंदन के उत्तरी हिस्से गोल्डर्स ग्रीन इलाके में सोमवार (23 मार्च 2026) को यहूदी समुदाय से जुड़े स्वयंसेवी एंबुलेंस सेवा संगठन हत्जोला नॉर्थवेस्ट (Hatzola Northwest) की चार एंबुलेंसों को आग के हवाले कर दिया गया। इस घटना को ब्रिटिश पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर ‘यहूदी विरोधी हेट क्राइम’ मानते हुए जाँच शुरू कर दी है। ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रही जंग के बीच इस घटना को अहम माना जा रहा है।
यह घटना देर रात करीब 1:45 बजे गोल्डर ग्रीन के हाईफील्ड रोड पर हुई। सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्धों को एक एंबुलेंस के पास जाते और उसे आग लगाते हुए देखा गया, जिसके बाद वे मौके से फरार हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि चारों एंबुलेंस इसकी चपेट में आ गईं।
Hooded perps CAUGHT on CCTV setting FIRE to Jewish ambulances in London https://t.co/RKNKYkcn4E pic.twitter.com/TqgqtemlRe
— RT (@RT_com) March 23, 2026
लंदन अग्निशमन दल के मुताबिक, आग बुझाने के लिए छह दमकल गाड़ियों और करीब 40 फायरफाइटर्स को मौके पर भेजा गया। एंबुलेंस में मौजूद ऑक्सीजन सिलेंडरों के फटने से जोरदार धमाके हुए, जिससे पास की एक इमारत की खिड़कियाँ तक टूट गईं।
हेट क्राइम की जाँच, सुरक्षा एजेंसियाँ अलर्ट
मेट्रोपॉलिटन पुलिस की सुपरिंटेंडेंट सारा जैक्सन ने कहा कि यह घटना समुदाय में गहरी चिंता पैदा करने वाली है और पुलिस तीन संदिग्धों की तलाश कर रही है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी है और अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे जाँच पूरी होने तक इलाके से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध जानकारी को साझा करें।
लंदन पुलिस कमिश्नर ने एक और गंभीर चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि ब्रिटेन में ईरान समर्थित साजिशों का खुलासा हुआ है, जिनका मकसद ईरानी विरोधी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाना था। साथ ही उन्होंने यह भी आशंका जताई कि ब्रिटेन में इजरायली और यहूदी ठिकानों पर हमलों का खतरा बना हुआ है।

