हम सिर्फ भारत और उसके हितों के साथ हैं: मिडिल ईस्ट संकट के बीच PM मोदी का संदेश, कहा- अब भारत चुनौतियों को टालता नहीं, उनसे टकराता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (23 मार्च 2026) में ‘TV9 भारतवर्ष समिट’ में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने मौजूदा वैश्विक हालात पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जो पूछते हैं कि भारत किसके साथ है, उनको जवाब है कि भारत के साथ हैं।

विश्व युद्ध की गंभीर गतिविधियों से गुजर रहा: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “विश्व युद्ध की गंभीर गतिविधियों से गुजर रहा है। दुनिया युद्ध के कारण उलझी हुई है। इसके प्रभाव पूरी दुनिया पर दिख रहे हैं, तब भारत की बात करना बहुत ही प्रासंगिक है। भारत आज वो देश है, जिसकी अर्थव्यवस्था बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है। भारत चुनौतियों को टालता नहीं, बल्कि चुनौतियों से टकराता है।”

उन्होंने आगे कहा, “आप बीते 5-6 साल में देखिए, कोरोना की महामारी के बाद चुनौतियाँ एक के बाद एक बढ़ती गई है। ऐसा कोई साल नहीं है जिसने भारतीयों की परीक्षा न ली हो। लेकिन 140 करोड़ भारतीयों के आत्मविश्वास से भारत हर आपदा का सामना कर आगे बढ़ रहा है।”

हम भारत के साथ हैं: पीएम मोदी

मिडिल ईस्ट जंग में भारत की भूमिका पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज जब दुनिया इतने सारे खेमों में बँटी है, तब भारत ने अभूतपूर्व ब्रिज बनाए हैं। भारत सभी देशों का पार्टनर है। कुछ लोग पूछते हैं कि हम किसके साथ हैं, उनको मेरा जवाब है कि हम भारत के साथ हैं। हम शांति के साथ हैं। संवाद के साथ हैं।

कॉन्ग्रेस के समय पेट्रोल की दिक्कत आई: पीएम मोदी

पीएम ने कहा कि राजनीति में जब व्यक्तिगत स्वार्थ आ जाता है तो लोग देश के बारे में नहीं सोचते। उन्होंने कॉन्ग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कॉन्ग्रेस सरकार के समय पेट्रोल की दिक्कत आई थी लेकिन कॉन्ग्रेस को देश की नहीं सत्ता की चिंता थी। कॉन्ग्रेस ने ऑयल बॉन्ड जारी किए थे। अपनी सत्ता बचाने के लिए गलत निर्णय लिया था।”

उन्होंने आगे कहा, “बीते 5-6 वर्षों में हमारी सरकार ने कॉन्ग्रेस के उस पाप (ऑयल बॉन्ड) को ढोने का काम किया। इस ढुलाई का खर्चा कम नहीं आया है। एक लाख 48 हजार करोड़ रुपए की जगह 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की पेमेंट करनी पड़ी। आजकल कॉन्ग्रेस के नेता बयानों की मिसाइल दाग रहे हैं, वो इस पर चुप हो जाते हैं।