राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बामनवास गाँव में रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपित अकरम को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी से पहले ही आरोपित का घर बुलडोजर से गिरा दिया और जोहड़ भूमि पर अवैध कब्जा भी हटा दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब 9 बजे हुई जब उदयवीर सिंह गाँव की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गाँव के अकरम से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर अकरम ने धारदार हथियार से उदयवीर सिंह पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल उदयवीर को चिड़ावा अस्पताल ले जाया गया और फिर जयपुर रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
आरोपित अकरम मौके से फरार हो गया था। घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और नेशनल हाईवे-11 पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने अकरम की तत्काल गिरफ्तारी और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की माँग की। ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक माँगें पूरी नहीं होंगी तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाने देंगे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फ्लैग मार्च निकाला और भारी बल तैनात किया।
एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत के नेतृत्व में टीम ने अकरम को जयपुर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी से पहले ही प्रशासन ने आरोपित का घर गिरा दिया। एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत ने कहा, “हमने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। आरोपित से पूछताछ जारी है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।”

