सैयद मुशर्रफुद्दीन गंदी जगह पर बना रहा आइस कैंडी, लस्सी में कर रहा था खतरनाक केमिकल्स का इस्तेमाल: हैदराबाद पुलिस ने एक और मिलावटखोर पकड़ा

हैदराबाद में मिलावटखोरों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। अब टास्क फोर्स और मेहंदीपट्टनम पुलिस ने अहमद नगर में छापा मारकर सैयद मुशर्रफुद्दीन को गिरफ्तार किया है।

आरोपित बेहद गंदी और असुरक्षित परिस्थितियों में ‘आलिया आइसक्रीम पार्लर’ के नाम से अवैध यूनिट चला रहा था। सैयद मुशर्रफुद्दीन की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस इस बात की जाँच कर रही है कि उसने यह जहरीला सामान शहर के किन-किन इलाकों में सप्लाई किया था।

शहर में पिछले कुछ समय से लगातार लहसुन-अदरक पेस्ट और अब खाने-पीने की चीजों में मिलावट के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे जनता की सेहत पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

केमिकल और गंदगी का खेल

पुलिस जाँच में पता चला कि सैयद मुशर्रफुद्दीन ज्यादा मुनाफे के लालच में आइस कैंडी और लस्सी बनाने के लिए खतरनाक रसायनों और असुरक्षित सामग्रियों का इस्तेमाल कर रहा था। जहाँ ये चीजें बन रही थीं, वहाँ साफ-सफाई का नामोनिशान नहीं था। पुलिस ने मौके से करीब ₹5.44 लाख का सामान जब्त किया है, जिसमें भारी मात्रा में तैयार लस्सी, कच्चा माल और पैकिंग मशीनें शामिल हैं।

हैदराबाद में मिलावटखोरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस अब और सख्त हो गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों की जान जोखिम में डालकर अवैध कमाई करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।