असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (BBC) के बीच तीखी बहस का एक Video सामने आया। बीबीसी के पत्रकारों ने जब मुख्यमंत्री को ‘हिटलर’ और ‘तानाशाह’ जैसे शब्दों से घेरने की कोशिश की, तो उन्होंने बड़े ही बेबाक अंदाज में उनकी बोलती बंद कर दी। CM हिमंता सरमा ने साफ कहा कि BBC उन्हें चाहे जो बुलाए, लेकिन असम के लोग उन्हें ‘मामा’ कहकर पुकारते हैं।
सवाल-जवाब का दौर
वायरल Video में BBC के पत्रकार सीएम हिमंता से पूछते नजर आ रहे हैं कि उन पर ‘हिटलर’ और ‘लोकतंत्र विरोधी’ होने के आरोप लगते हैं, इस पर वे क्या कहेंगे? इस पर सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “BBC मुझे हिटलर कहता है, लेकिन असम के लोग मुझे ‘मामा’ कहते हैं।” उन्होंने आगे चुटकी लेते हुए कहा कि शायद बीबीसी को ब्रिटेन में वोट डालना है, इसलिए वे ऐसी बातें कर रहे हैं।
जब पत्रकारों ने समाज के सभी वर्गों के साथ न्याय को लेकर सवाल किया, तो मुख्यमंत्री ने कहा, “असम में हिंदू, मुस्लिम और ईसाई, सभी समुदाय खुश हैं और झूम रहे हैं। हमने पूरे असम को एकजुट किया है।” उन्होंने विपक्षी नेताओं का जिक्र करने पर BBC को नसीहत दी कि उन्हें किसी खास राजनीतिक व्यक्ति का प्रतिनिधि बनकर सवाल नहीं पूछना चाहिए।

