पिकअप फूँकने पर ₹12000… UP में ‘आग लगाने’ के लिए पाकिस्तान से मिला पैसा, ATS की पूछताछ में आतंकियों के खुलासे: सिग्नल और इंस्टाग्राम से करते थे संपर्क

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ATS ने चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार कर एक खतरनाक साजिश का खुलासा किया है। पूछताछ में सामने आया कि ये आतंकी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के संपर्क में थे और दहशत फैलाने के बदले उन्हें पैसे दिए जा रहे थे।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकियों ने पिकअप और बाइक में आग लगाकर उसकी रिहर्सल की और वीडियो बनाकर अपने हैंडलर को भेजे। हर आगजनी के बदले उन्हें करीब 12 हजार रुपए मिलते थे। गिरफ्तार किए गए आतंकियों शाकिब, विकास गहलावत, लोकेश उर्फ पपला पंडित और अरबाब को स्पेशल कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड पर भेजा है। ATS अब इनसे गहराई से पूछताछ कर रही है ताकि पाकिस्तान कनेक्शन और उनके आगे के टारगेट्स का पता लगाया जा सके।

जाँच में यह भी सामने आया कि आरोपित इंटरनेट के जरिए आतंकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रहे थे। उनके मोबाइल में टाइम बम और केमिकल बम बनाने जैसे सर्च मिले हैं तो वहीं कुछ वीडियो सीधे पाकिस्तान से भेजे गए थे। मुख्य आरोपित शाकिब को दुबई में रह रहे उसके भाई से भी मदद मिल रही थी।

इतना ही नहीं आरोपितों ने यूपी के सैन्य ठिकानों की रेकी कर उनके वीडियो भी पाकिस्तान भेजे थे। साथ ही कुछ हिंदू नेताओं की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही थी जिससे उनकी मंशा और ज्यादा खतरनाक नजर आती है। पाकिस्तान से संपर्क के लिए ये लोग सिग्नल और इंस्टाग्राम जैसे ऐप्स का इस्तेमाल करते थे और अपनी पहचान छिपाने के लिए VPN का सहारा लेते थे जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो जाता था।

इस पूरे मामले का खुलासा बिजनौर में हुई एक आगजनी की घटना से हुआ था जिसके बाद जाँच का दायरा बढ़ाया गया। अब ATS पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हुई पुरानी आगजनी की घटनाओं को भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन आरोपियों का उन घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं।