वडोदरा में AAP नेता रियाज शेख वसूली में गिरफ्तार तो सूरत में भी पार्टी नेता सलाखों के पीछे: गुजरात में आम आदमी पार्टी के नेता आपराधिक मामलों में जा रहे जेल

गुजरात के राजनीतिक हलकों में एक के बाद एक कई गिरफ्तारियों के मामले सामने आए हैं, जिनमें आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम शामिल हैं। इन घटनाओं ने राज्य की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है।

पहले AAP के प्रदेश उपाध्यक्ष को एक महिला के अपहरण और मारपीट के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष येसुदान गढ़वी और अन्य कार्यकर्ताओं पर पुलिस स्टेशन में हंगामा करने और अधिकारियों को धमकाने के आरोप लगे, जिसके चलते उन्हें भी हिरासत में लिया गया।

वडोदरा और सूरत से नए मामले सामने आए

जानकारी के अनुसार, वडोदरा और सूरत में भी AAP से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी हुई है। वडोदरा में रियाज शेख को पैसे वसूलने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया और कॉल के जरिए एक इंटरनेट सेवा देने वाला और अन्य व्यक्तियों पर झूठे आरोप लगाकर हर महीने पैसे की माँग की। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनसे पहले समझौते के नाम पर रकम ली गई और बाद में फिरौती की माँग बढ़ा दी गई।

इसी तरह सूरत में भी एक AAP कार्यकर्ता को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खिलाफ भड़काऊ पोस्टर लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने पूछताछ में बताया कि ये पोस्टर AAP कार्यालय से लाए गए थे, हालाँकि जाँच जारी है कि विवादित पोस्टर वहाँ तक कैसे पहुँचे और इसमें और कौन शामिल था।

इन घटनाओं के बाद AAP का कहना है कि जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उनमें से कुछ का पार्टी से अब कोई संबंध नहीं है।