‘मैं सब कुछ उड़ा दूँगा’: ट्रंप ने ईरान को फिर दी धमकी, तेहरान-कोम के रिहायशी इलाकों पर बमबारी से 18 मौतें; यूनिवर्सिटी पर भी एयर स्ट्राइक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 48 घंटे में कोई शांति समझौता नहीं होता है, तो अमेरिका पूरे ईरान को उड़ा देगा। इससे पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर ईरान को गालीभरी धमकी दी थी। अब इजरायली मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत चल रही है लेकिन बार-बार यह अंतिम नतीजे तक नहीं पहुँच पा रही है।

बातचीत में ट्रंप ने कहा, “हम ईरान के साथ बहुत गहरी बातचीत में हैं। बातचीत अच्छी तरह आगे बढ़ रही है, लेकिन हम कभी अंतिम नतीजे तक नहीं पहुँचते। समझौते की अच्छी संभावना है। अगर नहीं हुआ, तो मैं वहाँ सब कुछ उड़ा दूँगा। कुछ दिन पहले वे मिलने के लिए तैयार हुए, लेकिन उन्होंने पाँच दिन का समय माँगा।”

ट्रंप ने आगे कहा, “मैंने पूछा पाँच दिन क्यों? वे हमें बस घसीट रहे हैं। और फिर मैंने पुल पर हमला करने का फैसला किया। ईरानी नागरिक खुद चाहते हैं कि हम शासन के ढाँचे पर हमला करें। वे डर में जी रहे हैं और उन्हें डर है कि हम बीच में युद्ध छोड़ देंगे, लेकिन हम जाने वाले नहीं हैं।”

तेहरान के रिहायशी इलाकों पर बमबारी से 13 लोगों की मौत

ईरान की राजधानी तेहरान के दक्षिण-पश्चिम में सोमवार (6 अप्रैल 2026) की सुबह हुए हवाई हमलों से दहशत फैल गई। इस्लामशहर के पास एक रिहायशी इमारत पर हुए एयरस्ट्राइक में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका के चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की भी संभावना है।

इजरायल और अमेरिका दोनों ने ही अब तक इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालाँकि यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब ट्रंप ने ईरान को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज फिर से ना खोलने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। इसी बीच तेहरान की शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी के पास भी हमला हुआ।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूनिवर्सिटी के पास स्थित गैस स्टेशन पर हमले के बाद आसपास के इलाके में अस्थायी रूप से गैस आपूर्ति बाधित हो गई। ईरान के मजहबी शहर कोम (Qom) में भी एक रिहायशी इलाके पर हमले की खबर है, जिसमें कम से कम पाँच लोगों की मौत हो गई।