मणिपुर में BSF जवान के घर रॉकेट अटैक, कुकी उग्रवादियों के हमले में 5 महीने के बच्चे समेत 2 नाबालिगों की मौत: पत्नी की हालत गंभीर

मणिपुर के मैतेई बहुल जिला बिष्णुपुर से 07 अप्रैल 2026 को बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ कुकी उग्रवादियों ने BSF जवान के घर पर बम धमाका किया, जिसमें एक 5 साल और एक 5 महीने के बच्चे की मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना रात करीब 1 बजे मोइरांग त्रोंग्लाओबी गाँव में हुई, जब दोनों बच्चे अपनी माँ के साथ घर में सो रहे थे। अचानक एक तेज धमाका हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार किसी संदिग्ध प्रजोक्टाइल ने घर को निशाना बनाया, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ औऱ दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।

धमाके की आवाज सुनते ही गाँव के लोग तुरंत मौके पर पहुँचे और घर के भीतर फँसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। इस हमले में बच्चों की माँ भी घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि BSF जवान इस समय किसी दूसरे राज्य में तैनात हैं, जबकि उनकी नर्स पत्नी अपने छोटे बच्चे की देखभाल के लिए पेटरनिटी लीव पर घर आई हुई थीं।

घटना के बाद मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह तुरंत राज मेडिसिटी अस्पताल पहुँचे और घायल महिला का हाल जाना। इस हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोगों में गुस्सा और डर का माहौल बना हुआ है। सरकार ने इम्फाल पश्चिम, इम्फाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में तीन दिनों के लिए इंटरनेट बंद कर दिया है।