‘मणिपुर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे 200 लोगों को भारतीय सेना ने मारा’: जानें- क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई

मणिपुर में कई जगह तनाव की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। देश में माहौल खराब करने के लिए अंदर के दुश्मनों के साथ-साथ बाहरी ताकतें भी जुटी हुई हैं। पाकिस्तान के सोशल मीडिया हैंडल्स जमकर झूठ फैला रहे हैं। X पर मंगलवार (7 अप्रैल 2026) को X पर अनस नाम के एक यूजर द्वारा एक वीडियो शेयर किया गया। इस वीडियो में भागते-दौड़ते लोग नजर आ रहे थे।

पाकिस्तान से अकाउंट चला रहे अनस ने लिखा, “खबरों के मुताबिक भारतीय सेना ने अधिकृत मणिपुर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे करीब 200 लोगों को मार डाला।” पाकिस्तानी अनस की सारी चालाकी की हवा मणिपुर पुलिस ने कुछ ही देर में निकाल दी।

मणिपुर पुलिस ने लिखा, “यह खबर झूठी और भ्रामक है। ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। असल में, बिष्णुपुर जिले में सुरक्षा बलों (SFs) की एक पोस्ट पर करीब 400 लोगों की हिंसक भीड़ ने हमला किया था। भीड़ ने गाड़ियों में आग लगा दी और बैरकों को तोड़ दिया।”

पुलिस ने आगे लिखा, “इसके बाद सुरक्षा बलों ने फायरिंग की, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और लगभग 20 लोग घायल हो गए। सोशल मीडिया पर ऐसी झूठी बातें फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

मणिपुर पुलिस के अलावा कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी फर्जी खबर फैलाने को लेकर अनस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की माँग की। नेटिजन्स का कहना है कि इस तरह भारत को लेकर अनाप-शनाप खबरें फैलाने वाले हैंडल्स पर सख्त से सख्त कार्रवाई किए जाने की जरूरत है।