‘तूने अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर लगाया, घर में घुसकर मारूँगा तुझे’: लखनऊ में दलित छात्र को सपा कार्यकर्ता ने दी धमकी, पीड़ित ने CM योगी से लगाई मदद की गुहार

लखनऊ में एक दलित छात्र को जान से मारने की धमकी मिली है। ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ संगठन से जुड़े छात्र अर्पित को अज्ञात नंबर से कॉल कर न केवल भद्दी गालियाँ दी गईं, बल्कि जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए हत्या की धमकी भी दी गई।

जानकारी के मुताबिक, आरोप समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एसके सिंह पर लगा है। छात्र ने हसनगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की माँग की है। FIR की कॉपी ऑपइंडिया के पास मौजूद है।

पूरा विवाद पोस्टर लगाने से शुरू हुआ। शिकायतकर्ता सुमित और अर्पित का आरोप है कि उन्हें फोन कर धमकाया गया कि ‘तुमने हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ पोस्टर लगाया है, मैं तुम्हें छोड़ूँगा नहीं।’

धमकी देने वाले ने यहाँ तक कह दिया कि ‘तुम जहाँ रहते हो, तुम्हें वहीं आकर खत्म कर दूँगा।’ आरोपित ने छात्र को घर में घुसकर मारने की बात कही है, जिससे छात्र संगठनों में भारी आक्रोश है।

‘PDA में D का मतलब है धमकी’

धमकी मिलने के बाद पीड़ित छात्र अर्पित ने समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वाले नारे पर तीखा पलटवार किया है। अर्पित ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए कहा कि सपा के लिए ‘PDA में D का मतलब दलित नहीं बल्कि ‘धमकी’ है।’ उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे इन गीदड़ भभकियों से डरने वाले नहीं हैं और माफिया व गुंडागर्दी के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।

CM योगी से न्याय की गुहार और पुलिस की ढिलाई

‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ के सदस्य शोभित वर्मा ने सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील की है। शोभित का गंभीर आरोप है कि पुलिस उनकी शिकायत दर्ज करने और कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही है।

सुमित ने कहा, “हमारे पास लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं, लेकिन हमारी शिकायत न तो दर्ज की गई और न ही कार्रवाई की बात कही गई।” हालाँकि, छात्रों ने सीएम योगी पर भरोसा जताया है कि उनके हस्तक्षेप के बाद न्याय जरूर मिलेगा।