पंजाब के बठिंडा पुलिस की एक टीम ने UAE अधिकारियों की मदद से अमृतपाल सिंह मेहरों को हिरासत में ले लिया है। पंजाब पुलिस के अनुसार, मेहरों को डिपोर्टेशन नियमों के तहत भारत लाया जा रहा है।
गौरतलब है कि 11 जून 2025 को इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी का शव बठिंडा स्थित आदेश यूनिवर्सिटी की पार्किंग में एक कार के अंदर मिला था। इस मामले में दो आरोपितों जसप्रीत सिंह और निमरतजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपित अमृतपाल सिंह मेहरों UAE फरार हो गया था।
घटना के दो दिन बाद मेहरों का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने दावा किया कि उसके दो साथियों ने कंचन कुमारी की हत्या की। उसने हत्या को यह कहते हुए सही ठहराने की कोशिश की कि पीड़िता ‘सिख मूल्यों को बदनाम’ कर रही थी और ‘कौर सरनेम का मजाक उड़ा रही थी।’ उसने यह भी आरोप लगाया कि कंचन कुमारी सोशल मीडिया पर ‘अश्लील और अनैतिक सामग्री’ पोस्ट करती थीं।
इसके अलावा, मेहरों ने पहले इन्फ्लुएंसर दीपिका लूथरा को भी धमकी दी थी, जो कंचन कुमारी की हत्या के बाद डरी हुई हैं। अमृतपाल सिंह मेहरों 2022 में शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुका है और ‘कौम दे रखे’ नामक एक कट्टरपंथी संगठन चलाता है। वह पहले ‘हत्या के प्रयास’ के एक मामले में भी शामिल रह चुका है।

