आशा भोसले के निधन पर न्यूज चैनलों ने चलाए कार्यक्रम, पाकिस्तान की PEMRA ने भेजे नोटिस

पाकिस्तान में दिवंगत सिंगर आशा भोसले को लेकर प्रसारित कार्यक्रमों पर विवाद खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की मीडिया वॉच डॉग कुछ न्यूज चैनलों से नाराज है क्योंकि उन्होंने आशा भोसले के निधन के बाद विशेष कार्यक्रम और गानों का प्रसारण किया था।

पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (PEMRA) ने उर्दू चैनल जियो न्यूज को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आरोप है कि चैनल ने आशा भोसले को लेकर लंबा ट्रिब्यूट कार्यक्रम दिखाया और इस दौरान उनके कई गाने भी प्रसारित किए।

इस कार्रवाई पर जियो न्यूज के मैनेजिंग डायरेक्टर अजहर अब्बास ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि किसी बड़े कलाकार के निधन पर उनके काम को याद करना पत्रकारिता की सामान्य परंपरा है।

अब्बास ने कहा, “कला और ज्ञान पूरी मानवता की साझा विरासत हैं और इन्हें सरहदों में सीमित नहीं किया जा सकता। आशा भोसले खुद पाकिस्तान की मशहूर गायिका नूर जहाँ की प्रशंसक थीं और उन्हें ‘बड़ी बहन’ कहती थीं।” उन्होंने यह भी बताया कि आशा भोसले ने नुसरत फतेह अली खान के साथ काम किया और नासिर काजमी जैसे बड़े उर्दू शायरों की रचनाओं को अपनी आवाज दी।

उन्होंने आगे कहा कि आशा भोसले जैसी दिग्गज कलाकार के लिए जियो न्यूज और पाकिस्तान के अन्य मीडिया संस्थानों को उनके और भी ज्यादा यादगार गाने प्रसारित करने चाहिए थे। गौरतलब है कि मशहूर गायिका आशा भोसले का 12 अप्रैल 2026 को 92 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया था। उन्हें इसके एक दिन पहले सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।