ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह खोलने का ऐलान कर दिया है। इजरायल-लेबनान के बीच संघर्ष-विराम के बाद अब सभी वाणिज्यिक जहाजों की आवाजाही बिना किसी रोक-टोक के बहाल हो गई है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह फैसला संघर्ष-विराम की शेष अवधि तक ही लागू रहेगा।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर लिखा, “लेबनान में संघर्ष-विराम के अनुरूप होर्मुज स्ट्रेट से सभी वाणिज्यिक जहाजों के गुजरने का मार्ग, संघर्ष-विराम की शेष अवधि के लिए, पूरी तरह से खुला घोषित किया गया है; यह मार्ग उसी समन्वित मार्ग पर स्थित है जिसकी घोषणा ईरान के बंदरगाह और समुद्री संगठन द्वारा पहले ही की जा चुकी है।”
In line with the ceasefire in Lebanon, the passage for all commercial vessels through Strait of Hormuz is declared completely open for the remaining period of ceasefire, on the coordinated route as already announced by Ports and Maritime Organisation of the Islamic Rep. of Iran.
— Seyed Abbas Araghchi (@araghchi) April 17, 2026
यह फैसला वैश्विक तेल आपूर्ति और व्यापार के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि दुनिया का बड़ा हिस्सा तेल होर्मुज स्ट्रेट से गुजरता है। फिलहाल यह खुला मार्ग संघर्ष-विराम की शेष अवधि तक ही रहेगा।
ईरान के होर्मुज स्ट्रेट खोलने के फैसले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुशी जताई है। उन्होंने अपने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्रूथ पर थैंक यू का पोस्ट किया है।
गौरतलब है कि ईरान पर अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी 2026 को ईरान के कई ठिकानों पर हमला किया था। इसी दिन से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई थी। कुछ ही दिन बाद होर्मुज को ईरान ने पूरी तरह से बंद कर दिया था।

