अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि ईरान के साथ बातचीत के लिए उनके प्रतिनिधि पाकिस्तान जा रहे हैं। ये प्रतिनिधि सोमवार (19 अप्रैल 2026) देर रात तक पाकिस्तान पहुँचेंगे। साथ ही ट्रंप ने ईरान को एक और प्रस्ताव दिया और कहा कि अगर ईरान इसे नहीं मानता तो अमेरिका ईरान के सभी पावर प्लांट और पुलों को तबाह कर देगा।
ट्रंप ने कहा, “हम एक बहुत ही सही और वाजिब डील का प्रस्ताव दे रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि वे इसे मान लेंगे, क्योंकि अगर वे ऐसा नहीं करते हैं, तो अमेरिका, ईरान के हर एक पावर प्लांट और हर एक पुल को तबाह कर देगा।”

ट्रंप ने चेतावनी दी कि अब सख्ती का समय आ गया है, ईऱान की किलिंग मशीन को खत्म करने का समय आ गया है, जो उनके अनुसार पिछले 47 सालों में किसी राष्ट्रपति ने नहीं किया।
उन्होंने स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज पर फायरिंग करने वाले ईरान पर सीजफायर समझौते का उल्लंघन करने का भी आरोप लगाया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान ने हाल ही में हॉर्मुज को बंद करने की घोषणा की है, जबकि अमेरिका पहले ही अपनी नाकाबंदी के जरिए इसे बंद कर चुका है। ट्रंप के मुताबिक, इस स्थिति में सबसे बड़ा नुकसान ईरान को ही हो रहा है, जिसे रोजाना लगभग 500 मिलियन डॉलर का घाटा उठाना पड़ रहा है।

