तमिलनाडु कॉन्ग्रेस अध्यक्ष ने फैलाई अपने घर IT रेड की खबर, आयकर विभाग बोला- हमने नहीं की कोई कार्रवाई: ECI-पुलिस से की शिकायत

तमिलनाडु कॉन्ग्रेस के अध्यक्ष और श्रीपेरंबुदूर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार के सेल्वापेरुन्थगई ने सोमवार (20 अप्रैल 2026) को आरोप लगाया कि आयकर विभाग ने ‘तलाशी’ के नाम पर उन्हें उनके क्षेत्र में ही रोक लिया गया और चुनाव प्रचार करने से भी रोका। इन दावों को आयकर विभाग ने नकार दिया है।

दरअसल, के सेल्वापेरुन्थगई ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करके और मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया था कि उनके चेन्नई के किलपौक स्थित घर पर आयकर विभाग ने छापा मारा। यहाँ तक कि उन्हें उनके क्षेत्र में चुनाव प्रचार और राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने से रोका गया।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी आयकर विभाग की इस कार्यवाही की निंदा की थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में भी प्रदेश कॉन्ग्रेस अध्यक्ष के सेल्वापेरुन्थगई की आयकर विभाग द्वारा गिरफ्तारी की खबरें चलाई थीं।

इन दावों को आयकर विभाग ने पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद बताया है। आयकर विभाग ने कहा कि 20 अप्रैल 2026 को के सेल्वापेरुन्थगई के खिलाफ कोई तलाशी, सर्वे या कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। आयकर विभाग ने साफ कहा कि उनके आने-जाने पर भी किसी तरह की कोई रोक नहीं लगाई गई थी। यह भी स्पष्ट किया कि उनके किलपौक स्थित घर समेत किसी भी जगह पर आयकर विभाग ने कोई छापेमारी नहीं की है।

के सेल्वापेरुन्थगई द्वारा आयकर विभाग पर लगाए इन आरोपों को लेकर विभाग ने चुनाव आयोग से शइकायत की है। इसके अलावा चेन्नई के पुलिस आयुक्त के पास भी झूठी जानकारी फैलाने और सरकारी विभाग के खिलाफ आरोप लगाने के मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है।