धनबाद में राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने वाला वासेपुर का फैजान अंसारी गिरफ्तार: एक और ट्रेन को निशाने बनाने की फिराक में था आरोपित

झारखंड के धनबाद में ट्रेनों पर पथराव करने वाले बदमाशों के खिलाफ आरपीएफ (RPF) को बड़ी कामयाबी मिली है। हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने के मुख्य आरोपित फैजान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फैजान धनबाद के चर्चित इलाके वासेपुर का रहने वाला है।

कुछ समय पहले ही राजधानी एक्सप्रेस के शीशे तोड़ने की घटना के बाद से पुलिस इसकी तलाश में थी। 22 अप्रैल को आरपीएफ को सूचना मिली कि आरोपित शहर छोड़कर भागने की फिराक में है। पुलिस ने जाल बिछाकर उसे स्टेशन के आउटर सिग्नल के पास से तब धर दबोचा, जब वह एक और ट्रेन को निशाना बनाने की योजना बना रहा था।

पूछताछ में फैजान ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है और नशे की हालत में ही ट्रेनों पर पत्थर फेंकता था। पुलिस ने बताया कि वह पहले भी रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के मामले में जेल जा चुका है।

आरोपित को पता चल गया था कि पुलिस उसे ढूँढ रही है, इसलिए वह भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन समय रहते पकड़ा गया। फिलहाल उसे वापस जेल भेज दिया गया है।