बेंजामिन नेतन्याहू ने किया कैंसर होने का खुलासा, इजरायली PM ने कहा- इलाज के बाद अब स्वस्थ हूँ

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की अपने सालाना मेडिकल रिपोर्ट में उनके स्वास्थ्य को लेकर अहम जानकारी सामने आई है। मिडिल ईस्ट में संघर्ष से जूझ रहे नेतन्याहू ने खुलासा किया है कि उन्हें शुरुआती स्टेज का प्रोस्टेट कैंसर था जिसका इलाज उन्हें करा लिया है और अब वे पूरी तरह फिट हैं।

नेतन्याहू ने X पर अपने स्वास्थ्य को लेकर अपडेट शेयर की है। नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने खुद दो महीने की देरी से अपनी मेडिकल रिपोर्ट प्रकाशित करने को कहा था जिससे कि ईरान को इस तनाव के बीच इजरायल के खिलाफ और अधिक झूठ फैलाने का कोई मौका ना मिले। नेतन्याहू ने कहा कि डॉक्टरों ने उनके प्रोटेस्ट में एक घातक ट्यूमर का ‘बहुत प्रारंभिक चरण’ में पता लगाया और उन्होंने इसे पूरी तरह से निकलवाने के लिए उपचार कराने का फैसला किया।

नेतन्याहू ने लिखा कि डॉक्टरों ने बताया कि मेरी उम्र के लोगों में यह बहुत सामान्य है और दो विकल्प हैं- इलाज जरूरी नहीं, केवल निगरानी में रह सकते हैं। इसके साथ जीया जा सकता है। और दूसरा इलाज करवाकर समस्या को जड़ से खत्म करें।

इजरायली PM ने अपनी हेल्थ अपडेट शेयर करते हुए कहा कि जब उन्हें किसी खतरे की जानकारी समय पर मिलती है तो वह उसे तुरंत खत्म करना चाहते हैं फिर चाहे वह देश से जुड़ा मामला हो या उनकी निजी जिंदगी। उन्होंने कहा, “मैंने अपनी बीमारी के साथ भी वही किया।” नेतन्याहू ने लोगों से डॉक्टरों की सलाह मानने और अपनी सेहत को प्राथमिकता देने को कहा है।